अरविन्द तिवारी, रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रीवा में जनसभा के दौरान मजाकिया अंदाज में नजर आए। मंच से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा की भाषण शैली पर चुटकी लेते हुए सीएम ने कहा कि किसी की खाट खड़ी करवानी हो तो जनार्दन जी को खड़ा कर दो। उन्होंने सांसद के भाषण की तुलना AK-47 की गोलियों से करते हुए कहा कि जनार्दन जी धांय-धांय भाषण देते हैं। इतना ही नहीं, कभी-कभी हिट विकेट भी हो जाते हैं। मुख्यमंत्री के इस देसी अंदाज पर मंच ठहाकों से गूंज उठा। खुद सांसद जनार्दन मिश्रा भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। अब सीएम का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
'धांय-धांय' भाषण और 'हिट विकेट' का जिक्र
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने सांसद जनार्दन मिश्रा की बोलने की रफ्तार और अंदाज की तुलना AK-47 की गोलियों से कर दी। उन्होंने चुटीले लहजे में कहा कि यदि किसी की खाट खड़ी करवानी हो, तो जनार्दन मिश्रा को खड़ा कर देना चाहिए, क्योंकि वे 'धांय-धांय' भाषण देते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए यह भी जोड़ा कि इतने तेज और बेबाक अंदाज में बोलते-बोलते कई बार वे खुद ही 'हिट विकेट' भी हो जाते हैं।
मंच से सोशल मीडिया तक चर्चा
मुख्यमंत्री के इस ठेठ देसी अंदाज और शब्दों के चुनाव पर मंच पर मौजूद नेता और कार्यकर्ता ठहाके लगाकर हंस पड़े। दिलचस्प बात यह रही कि जिस सांसद पर तंज कसा गया, वे खुद भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और माहौल को सहजता से लेते नजर आए। जनसभा में हुई यह हल्की-फुल्की नोकझोंक अब सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रही है, जहां लोग सीएम के इस बेबाक अंदाज पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।









