नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर समन्वय बनाने के लिए पार्टी ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ चुनावी गठबंधन, सीटों के बंटवारे और अन्य महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करेगी। कमेटी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और मोना तिवारी को शामिल किया गया है। इन नेताओं की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी के साथ बातचीत को आगे बढ़ाने और दोनों दलों के बीच सहमति बनाने की होगी।
अखिलेश यादव के साथ सीटों पर बनेगी सहमति
कांग्रेस की ओर से गठित यह कमेटी समाजवादी पार्टी के साथ चुनावी तालमेल को लेकर बातचीत करेगी। इसमें सबसे अहम मुद्दा विधानसभा सीटों का बंटवारा रहेगा। इसके अलावा चुनावी रणनीति, दोनों दलों के बीच बेहतर समन्वय और अन्य राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
गठबंधन को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर यह कमेटी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। पांच सदस्यीय टीम के गठन को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से कांग्रेस का अहम संगठनात्मक कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव के साथ बातचीत में सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दल किस फॉर्मूले पर सहमत होते हैं।









