मध्य प्रदेश के सागर में कांग्रेस पार्टी का कुनबा लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है. हाल ही में जिला शहर कांग्रेस कार्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें करीब साठ से ज्यादा युवाओं ने पार्टी का दामन थाम लिया. शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमित रामजी दुबे विशेष रूप से मौजूद रहे. इस दौरान रोहन वाल्मीकि ने अपने साथी दिलीप करोसिया और भारी संख्या में समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली. पार्टी ने रोहन वाल्मीकि के इस उत्साह को देखते हुए उन्हें सफाई मजदूर कांग्रेस का जिला अध्यक्ष नियुक्त करने का ऐलान भी किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि आज मध्य प्रदेश का युवा वर्ग प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस की कार्यशैली से बेहद प्रभावित है. युवाओं को पूरा विश्वास है कि देश और राज्य का सही विकास केवल कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है. नए सदस्यों को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक बलिदानी पार्टी रही है और यहां के कार्यकर्ताओं को हमेशा आम जनता के अधिकारों की लड़ाई के लिए डटे रहना होगा. उन्होंने सागर के मौजूदा हालातों पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर में अवैध शराब, जुआ और सट्टे का कारोबार जोरों पर है जिससे जनता का जीना मुहाल हो गया है. इन समस्याओं से निजात पाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ेगा. उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए साफ कहा कि जहां उनके कार्यकर्ता पसीना बहाएंगे, वे उनके लिए खून बहाने से भी पीछे नहीं हटेंगे.
मुख्य अतिथि अमित रामजी दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का कांग्रेस पार्टी से जुड़ना इस बात का साफ इशारा है कि अब मध्य प्रदेश की हवा बदल चुकी है. जनता अब बीजेपी की सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है और वह बस सही मौके की तलाश में है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि वे पूरी मुस्तैदी से चुनावी तैयारियों में जुट जाएं. जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं, उनके नाम दोबारा जुड़वाएं और जो मतदाता अब इस दुनिया में नहीं हैं, उनके नाम सूची से हटवाएं. मतदाता सूचियों पर लगातार अपनी पैनी नजर बनाए रखें. यदि किसी भी कार्यकर्ता को इस प्रक्रिया में कोई परेशानी आती है, तो पूरी जिला कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ उनके पीछे खड़ी मिलेगी.









