मध्य प्रदेश के देवास में सीएम मोहन यादव ने शुक्रवार को जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली। इस दौरान सीएम ने किसानों और युवाओं को संबोधित किया। सीएम ने कहा किसानों को को खेत से जुड़ाव रखने की नसीहत देते हुए कहा कि किसान खेती की जड़ों को कभी न छोड़ें कृषि हमारी समृद्धि, और संस्कृति का मूल आधार है।
सीएम मोहन यादव ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार को मजबूत बनाने के लिए पर्यटन के क्षेत्र में 'होम-स्टे', पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, उन्नत नस्ल के पशुओं को तैयार करने तथा महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया।
जिले के समग्र विकास के लिए यह आवश्यक है कि सलाहकार समिति के सभी सदस्य अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी को सक्रियता के साथ निवर्हन करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला विकास सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
विकास कार्यों की जमीनी मॉनिटरिंग हो...
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार के प्रमुख विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का उन क्षेत्रों में विशेष रूप से विस्तार किया जाए, जहां इनकी सर्वाधिक आवश्यकता है।
उन्होंने समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रहें, बल्कि विधानसभा स्तर और वार्डों के स्तर तक पूरी लगन से जुटकर कार्य करें, ताकि विकास कार्यों की जमीनी मॉनिटरिंग हो सके और आमजन को सीधा लाभ मिल सके।
सलाहकार समिति की बैठक में ये लोग हुए शामिल
इस दौरान सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, देवास विधायक गायत्री राजे पवार, खातेगांव विधायक श्री आशीष शर्मा, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, बागली विधायक मुरली भंवरा, सोनकच्छ विधायक डॉ राजेश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला भेरूलाल अटारिया, रायसिंह सेंधव, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. सुदाम खाड़े, संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा उपस्थित थे।









