इटावा/खबर डिजिटल/ उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए ताखा तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कानपुर से पहुंची विजिलेंस टीम ने आरोपी रामगोपाल को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान टीम आरोपी को पकड़कर अपने साथ ले गई। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, कुरखा गांव के रहने वाले दुष्यंत कुमार और नीरज शुक्ला ने राजस्व निरीक्षक के खिलाफ विजिलेंस में शिकायत की थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि जमीन की पैमाइश कराने के बदले रामगोपाल ने करीब एक महीने पहले उनसे 20 हजार रुपये लिए थे। इसके बावजूद काम पूरा करने के लिए 50 हजार रुपये की अतिरिक्त रिश्वत मांगी जा रही थी।
विजिलेंस ने जाल बिछाकर पकड़ा
लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर दोनों शिकायतकर्ताओं ने विजिलेंस टीम से संपर्क किया। शिकायत की जांच और आरोपों की पुष्टि के बाद टीम ने राजस्व निरीक्षक को पकड़ने की योजना बनाई। बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 30 हजार रुपये तय हुई। इसके बाद शुक्रवार दोपहर शिकायतकर्ता रकम लेकर ताखा तहसील मुख्यालय पहुंचे। जैसे ही उन्होंने आरोपी को पैसे दिए, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
रिश्वत की रकम बरामद, FIR दर्ज
कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया। मामले में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई के बाद तहसील में भ्रष्टाचार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।









