सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी-- कटनी पुलिस ने व्यापार में निवेश और रेलवे ठेका दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। एनकेजे थाना पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 36 लाख 30 हजार रुपये नगद, एक लग्जरी वाहन सहित लगभग 76 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।जानकारी के अनुसार आरोपी खुद को रेलवे का बड़ा कॉन्ट्रेक्टर बताकर लोगों को रेलवे से जुड़े कार्यों में निवेश कराने का झांसा देता था। इसी दौरान उसने एक फरियादी को मोटे मुनाफे और रेलवे ठेका दिलाने का लालच देकर विश्वास में लिया और छलपूर्वक 36 लाख 30 हजार रुपये की रकम हासिल कर ली।जब फरियादी को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो उसने थाना एनकेजे में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर इनपुट और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर जिला पन्ना क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से नगद राशि, लग्जरी वाहन और अन्य संपत्ति जब्त करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।कटनी पुलिस की इस कार्रवाई को प्रदेश में वित्तीय अपराधों और आमजन से ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति की बड़ी मिसाल माना जा रहा है।
कटनी में 76 लाख की ठगी का खुलासा, रेलवे कॉन्ट्रेक्टर बनकर करता था निवेश के नाम पर फ्रॉड









