कटनी। दीपावली के त्योहार के बीच और उसके बाद जिले में जुए की गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। माधवनगर और बड़वारा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 39 जुआरियों को पकड़ा है। दोनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 56 हजार 750 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में जुआ खेलने और खिलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में माधवनगर और बड़वारा पुलिस ने मुखबिर तंत्र की सूचना पर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की।
माधवनगर में चार स्थानों पर दबिश, 20 जुआरी पकड़े
माधवनगर थाना पुलिस ने 10 और 11 नवंबर की दरमियानी रात छहरी और लालपहाड़ी सहित अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में कुल 20 जुआरियों को पकड़ा गया। पुलिस ने अलग-अलग चार प्रकरणों में 25 हजार 830 रुपये नकद और ताश के 6 डेक जब्त किए। सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
बड़वारा में तीन जगह कार्रवाई, 19 गिरफ्तार
वहीं बड़वारा थाना पुलिस ने 10 नवंबर को ग्राम मझगवां, बड़वारा और भजिया में जुआ फड़ों पर दबिश दी। थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में 19 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया। पुलिस ने तीनों स्थानों से कुल 30 हजार 920 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
39 गिरफ्तारी, 56 हजार से अधिक की जब्ती
दोनों थाना क्षेत्रों की कार्रवाई के आंकड़े देखें तो पुलिस ने कुल 7 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 39 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 56,750 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले में जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
माधवनगर की कार्रवाई में निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव सहित पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि बड़वारा में थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।









