28 नवंबर 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में 1 दिसंबर से शुरू होगी धान की MSP पर खरीदी, 20 जनवरी तक चलेगा उपार्जन; जानें नए रेट - मध्यप्रदेश के किसानों के लिए 2026-27 के खरीफ विपणन में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसलों की खरीद के लिए राज्य सरकार ने उपार्जन नीति घोषित कर दी है। प्रदेश में धान की सरकारी खरीदी 1 दिसंबर 2026 से शुरू होकर 20 जनवरी 2027 तक चलेगी। वहीं, ज्वार और बाजरा का उपार्जन 23 नवंबर से शुरू हो चुका है, जो 23 दिसंबर तक जारी रहेगा। सरकार ने धान, ज्वार और बाजरा के समर्थन मूल्य भी तय कर दिए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि उपार्जन नीति का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला कलेक्टरों, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को उपार्जन नीति का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। कि उपार्जन नीति का पूरा पालन हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उपार्जन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धान, ज्वार और बाजरा का MSP कितना मिलेगा?
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य इस प्रकार निर्धारित किए हैं:
- धान कॉमन: 2441 रुपये प्रति क्विंटल
- धान ग्रेड-ए: 2461 रुपये प्रति क्विंटल
- ज्वार मालदण्डी: 4073 रुपये प्रति क्विंटल
- ज्वार हाइब्रिड: 4023 रुपये प्रति क्विंटल
- बाजरा: 2900 रुपये प्रति क्विंटल
खाद्य मंत्री ने बताया कि निर्धारित अवधि में ही फसलों का उपार्जन किया जाएगा। धान, ज्वार और बाजरा की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन को नोडल एजेंसी बनाया गया है। उपार्जन का काम निर्धारित अवधि के अनुसार किया जाएगा।
किसानों को करानी होगी स्लॉट बुकिंग
सरकारी केंद्रों पर अपनी उपज बेचने के लिए किसानों को उपार्जन केंद्र और फसल बेचने की तारीख का चयन करते हुए स्लॉट बुकिंग करनी होगी। किसान कितनी अधिकतम उपज बेच सकेंगे, इसका निर्धारण पंजीयन में दर्ज फसल के रकबे और राजस्व विभाग द्वारा तय तहसीलवार उत्पादकता के आधार पर किया जाएगा।
खरीदी का काम सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। किसानों को खरीदी से संबंधित जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके अलावा ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर भी खरीदी की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। ताकि सभी किसानो को पता चल सके।
धान खरीदी में पुराने और नए बोरों का होगा इस्तेमाल
सरकार की नीति के अनुसार, धान की खरीदी में 46 प्रतिशत पुराने और 54 प्रतिशत नए जूट की बोरियों का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, ज्वार और बाजरा की खरीदी नए जूट बोरियों में होगी। फसलों की गुणवत्ता तय मानकों के अनुसार जाँची जाएगी।
सरकार ने अधिक खरीदी की संभावना वाले केंद्रों पर अतिरिक्त कर्मचारियों, तौल कांटों और कंप्यूटर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं। थ ही, उपार्जन केंद्रों की सुविधाओं और उनके फोटो भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड किये जाएँगे।
यह भी पढ़ें - सीहोर के 76 गांवों की बदलेगी तकदीर, सीएम मोहन यादव ने 536 करोड़ की सिंचाई परियोजना का किया लोकार्पण









