इंदौर/नरेन्द्र महावर/खबर डिजिटल/ सिंहस्थ-2028 को देखते हुए इंदौर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और हवाई कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में तैयारियां तेज की जा रही हैं। इसी सिलसिले में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने विमानतल सलाहकार समिति (AAC) की बैठक ली। बैठक में एयरपोर्ट के विस्तार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में रन-वे विस्तार, रडार स्थापना, समानांतर टैक्सी ट्रैक के निर्माण और इसके लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण जैसे विषय प्रमुखता से उठे। इसके अलावा एयरपोर्ट से शहर तक यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए लो-फ्लोर एसी बस सेवा शुरू करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
एयरपोर्ट के विकास को लेकर विभागों के बीच समन्वय पर जोर
बैठक में विमानतल निदेशक विक्रम ठक्कर, पुलिस उपायुक्त नरेंद्र रावत, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, नगर निगम उपायुक्त प्रदीप जैन, CISF प्रभारी जीशान आमिर और टर्मिनल प्रभारी अंकुर खरे मौजूद रहे। इनके साथ शुभम जायसवाल, वरुण शर्मा, कस्टम्स एवं इमिग्रेशन विभाग के अधिकारी और विभिन्न एयरलाइंस के स्टेशन प्रभारी भी शामिल हुए।
विमानतल सलाहकार समिति के सदस्य राहुल गोयल, अविनाश तोड़ीवाल और पवन कुमार चेलानी सहित उद्योग, व्यापार एवं पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
सिंहस्थ में बढ़ेगी हवाई यात्रियों की आवाजाही
सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए इंदौर एयरपोर्ट की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। बैठक में एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने, आधुनिक सुविधाएं विकसित करने और शहर से बेहतर परिवहन संपर्क उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय से काम करने पर जोर दिया गया। रन-वे, टैक्सी ट्रैक, रडार और बस सेवा से जुड़े प्रस्ताव इसी व्यापक तैयारी का हिस्सा हैं।








