इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर में बीजेपी नेता ऋषि सिंह खनूजा ने सीएम डॉ. मोहन यादव से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अनोखी मांग की। उनके निशाने पर शहर के पदस्थ एक थाना प्रभारी हैं, जिसको लेकर उन्होंने पुलिस अधिकारी को कांग्रेस का कट्टर समर्थक करार दिया है। बीजेपी नेता ने सारे मामले की जांच की भी मांग भी की।
सोशल मीडिया पर की पोस्ट
बीजेपी नेता ऋषि सिंह खनूजा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि मा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, आपके संज्ञान में एक गंभीर विषय लाना चाहता हूं। इंदौर के पलासिया थाना प्रभारी के संबंध में शिकायत है कि वे खुलेआम कहते हैं कि 'आज में जो कुछ हूं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की कृपा से हूं।'

कांग्रेस नेताओं से बताया संबंध
पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली को लेकर यह भी शिकायत है कि वे कांग्रेस नेताओं के लगातार संपर्क में रहते हैं, और दिन में कई बार घंटों फोन पर बातचीत करते हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि थाना जनता की सेवा के स्थान पर राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है।
कॉल डिटेल खंगालने की मांग
खनूजा ने मांग करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी, मेरा आपसे आग्रह है कि पलासिया थाना प्रभारी के व्यक्तिगत एवं सरकारी मोबाइल नंबरों की नियमानुसार कॉल डिटेल (CDR) निकलवाकर निष्पक्ष जांच करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरा आपसे अनुरोध है कि तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी को निलंबित करने का कष्ट करें।









