इंदौर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के इंदौर में एक व्यायामशाला के कोच पर नाबालिग पहलवान छात्र के यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित चंदनगुरु व्यायामशाला का है, जहां 14 वर्षीय छात्र पिछले करीब छह साल से कुश्ती का प्रशिक्षण ले रहा था। आरोप है कि प्रैक्टिस खत्म होने के बाद छात्र को अकेला पाकर कोच मनीष नामदेव ने उसके साथ अश्लील हरकत की। इतना ही नहीं, घटना के बारे में किसी को बताने पर छात्र और उसके पिता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो तलाश में निकले पिता
पुलिस के मुताबिक, सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाले एक फर्नीचर कारोबारी का 14 वर्षीय बेटा लंबे समय से चंदनगुरु व्यायामशाला में कुश्ती सीखने जाता था। 25 नवंबर को भी वह रोजाना की तरह शाम करीब 4 बजे अभ्यास के लिए पहुंचा था। सामान्य तौर पर वह शाम 7:30 बजे तक घर लौट आता था, लेकिन उस दिन काफी देर होने के बावजूद वह वापस नहीं आया। बेटे के घर नहीं पहुंचने पर पिता उसकी तलाश में निकले। रात करीब 8:50 बजे उन्हें बेटा हनुमान मंदिर चौक के पास रोता हुआ और डरा-सहमा मिला। पिता ने जब उससे इस हालत की वजह पूछी तो उसने व्यायामशाला में हुई घटना के बारे में बताया।
प्रैक्टिस के बाद अकेला पाकर की अश्लील हरकत
पीड़ित छात्र ने पिता को बताया कि शाम करीब 7 बजे कुश्ती का अभ्यास खत्म होने के बाद अन्य लड़के और उसका दोस्त अपने-अपने घर चले गए थे। इसके बाद व्यायामशाला में वह अकेला रह गया। आरोप है कि इसी दौरान कोच मनीष नामदेव ने उसे अपने पास बैठाया और उसके साथ अनुचित हरकत की। छात्र के मुताबिक, आरोपी ने इस घटना का खुलासा किसी के सामने करने पर उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। इस कारण वह काफी डरा हुआ था और घर लौटने की बजाय रास्ते में रोता हुआ मिला।
पिता की शिकायत पर FIR, आरोपी कोच गिरफ्तार
बेटे से पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी कोच मनीष नामदेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है। नाबालिग से जुड़े इस मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।









