इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर का रेलवे स्टेशन अतिव्यस्ततम क्षेत्रों में माना जाता है, यहां पर रोजाना आने वाले यात्रियों का आवागमन होता है, यात्रियों को सुविधा की आस होती है, स्टेशन पर सुविधाएं मुहैया कराने की जिम्मेदारी रेलवे की है, पर जैसे ही यात्री प्लेटफॉर्म नंबर-1 से बाहर सड़क पर निकलते हैं, तो उन्हें मुश्किलों से दो-चार होना पड़ता है। कुछ इसी तरह की स्थिति यहां से गुजरने वाले शहरवासियों की है, जोकि दो पहिया वाहन से भी बमुश्किल निकल पाते हैं।
सड़क पर बसों और रिक्शों का कब्जा
रेलवे के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की तरफ की सड़क करीब 30 फीट की है, इसी तरह आगे बने 6 नंबर प्लेटफॉर्म के सामने की सड़क करीब 60 फीट की है। जानकारी के मुताबिक अधिकतर यात्री 1 से लेकर 4 नंबर प्लेटफॉर्म की तरफ उतरते हैं, खासकर सबसे ज्यादा यात्रियों का आवागमन 1 नंबर प्लेटफॉर्म से ही होता है। इसी का नतीजा है कि बसों का स्टॉप इसी तरफ बना दिया गया है, रिक्शा चालक भी बीच सड़क पर खड़े होकर यात्रियों का इंतजार करने लगते हैं।
यातायातकर्मियों पर उठे सवाल
कहने को तो, एक नंबर प्लेटफॉर्म के बाहर पुलिस के यातायात विभाग ने चौकी का निर्माण किया हुआ है। दावा किया जाता है कि यहां पर 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, फिर भी स्थिति क्या बनती है, इसको खबर डिजिटल की टीम ने खुद मौके पर जाकर देखा। सड़क पर ही बसें खड़ी थी, रिक्शा चालक बेतरतीब तरीके से सड़क पर डेरा जमाए बैठे थे, जबकि सड़क के भीतर दीवार के पीछे भी रिक्शा स्टैंड बनाया गया है, वहां पर ये तीन पहिया चालक वाहन नहीं खड़े करते, जिन्हें टोकने वाला कोई नजर नहीं आया।
शहरवासियों ने बदला रास्ता
खबर डिजिटल की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बाहर लगने वाले जाम को लेकर कुछ शहरवासियों से चर्चा की, जिन्होंने कहा कि वो महज सुबह के समय ही इस रास्ते से निकलते हैं, बाकी समय में यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। जिसके चलते उन्होंने अपना रास्ता ही बदल दिया है। हालांकि इसके कारण उन्हें अधिक ईंधन खर्च करने के साथ समय का भी नुकसान होता है। कुल मिलाकर कहा जाए तो पुलिस और प्रशासन को इस तरफ ध्यान देने की सख्त जरुरत है, और अब देखना होगा कि इस समस्या से जनता को कब तक राहत मिल पाएगी।
अपील - खबर अच्छी लगने पर, उसे शेयर जरुर करें, और हमारा हौसला बढ़ाएं।









