जबलपुर की पनागर तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम भरदा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुए की मौजूदगी की खबर सामने आई। गांव के एक हिस्से में तेंदुए के देखे जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय रहवासियों में भारी दहशत फैल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस विभाग और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और लोगों को अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। अधिकारियों के अनुसार, एक सीसीटीवी फुटेज में तेंदुए की स्पष्ट झलक कैद हुई है, जिसके आधार पर उसकी आवाजाही की पुष्टि की जा रही है। वनकर्मी ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश देने के साथ ही तेंदुए को सुरक्षित तरीके से खदेड़ने या पकड़ने के लिए रणनीति तैयार कर रहे हैं।









