मनीष तिवारी, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर स्वच्छता के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे पायदान पर पहुंच गया है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए शहर में 'स्वच्छता गौरव उत्सव' का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिन-रात अपनी सेवाएं देने वाले लगभग एक हजार सफाई मित्रों का अनोखे अंदाज में सम्मान किया। कभी स्वच्छता रैंकिंग में 22वें स्थान पर रहने वाले जबलपुर ने कड़ी मेहनत, देवतुल्य नागरिकों की जन-भागीदारी और एक मजबूत ब्लूप्रिंट के बल पर यह शानदार मुकाम हासिल किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और सफाई मित्रों के अटूट समर्पण की सराहना करते हुए शहर को देश में नंबर-एक बनाने का नया संकल्प लिया गया है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने आने वाले समय में न केवल स्वच्छता बल्कि वायु गुणवत्ता और सुरक्षित शहर की श्रेणी में भी देश में पहला स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री के स्नेह और संवेदनशीलता से अभिभूत सफाई मित्रों और नागरिकों में भारी उत्साह देखने को मिला, जिससे यह स्पष्ट है कि जबलपुर अब देश के सबसे स्वच्छ और अग्रगण्य शहरों की सूची में शीर्ष पर पहुंचने के लिए पूरी तरह तैयार है।









