भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर लगातार बढ़ते कर्ज को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार मध्य प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेल रही है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के बजाय सरकार लगातार नए कर्ज लेकर अपना काम चला रही है। आगामी 1 दिसंबर को सरकार फिर 1,500 करोड़ का नया कर्ज लेने जा रही है।
पटवारी ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में प्रदेश सरकार को 87,000 करोड़ तक कर्ज लेने की सीमा मिली है, जिसमें से नवंबर तक लगभग 51,900 करोड़ का कर्ज लिया जा चुका है। अब एक बार फिर 1,500 करोड़ का कर्ज तीन किस्तों में सड़क, सिंचाई और ऊर्जा क्षेत्र के नाम पर लिया जा रहा है। सवाल यह है कि आखिर मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था कब तक कर्ज की बैसाखियों पर चलेगी?
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर बार विकास और बुनियादी ढांचे के नाम पर कर्ज लेने का तर्क देती है, लेकिन प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि इस भारी-भरकम कर्ज का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक कितना पहुंच रहा है? प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर आर्थिक जिम्मेदारियां थोपी जा रही हैं।
पटवारी ने कहा कि सरकार का दावा है कि कर्ज की राशि स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर खर्च की जा रही है, लेकिन जब पुराने कर्ज का ब्याज चुकाने के लिए भी नए कर्ज की जरूरत पड़ रही है, तब सरकार की वित्तीय प्रबंधन क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। आखिर प्रदेश की आर्थिक सेहत का वास्तविक हिसाब जनता के सामने कब रखा जाएगा?
पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया कि भाजपा सरकार प्रदेश को कर्ज के इस अंतहीन चक्र से बाहर निकालने के लिए क्या ठोस कदम उठा रही है? केवल कर्ज लेकर विकास का दावा करना सुशासन नहीं है। विकास का वास्तविक अर्थ जनता को बेहतर सड़कें, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, रोजगार, सिंचाई और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि मध्य प्रदेश पर बढ़ते कर्ज और उसके ब्याज का बोझ आखिर कब तक जनता और आने वाली पीढ़ियां उठाएंगी? प्रदेश की आर्थिक स्थिति, कर्ज के उपयोग और भविष्य की वित्तीय रणनीति पर सरकार को श्वेतपत्र जारी कर जनता के सामने पूरी पारदर्शिता से जवाब देना चाहिए।
भाजपा सरकार के सुशासन में कर्ज का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और जवाबदेही लगातार घट रही है। मध्य प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबाने की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?









