अरविन्द तिवारी, रीवा। रीवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई, जब कांग्रेस नेत्री प्रतिभा सिंह हाथ में एक विवादित पोस्टर लेकर सभा पंडाल के भीतर पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि उनके हाथ में मौजूद पोस्टर पर "कोरेक्स सिटी रीवा में मुख्यमंत्री का स्वागत है" लिखा हुआ था। सभा के बीच इस तरह पोस्टर लहराने और नारेबाजी की कोशिश से सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों के बीच हलचल मच गई।
सभा स्थल पर पुलिस और नेत्री के बीच झूमाझटकी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही कांग्रेस नेत्री प्रतिभा सिंह कोरेक्स सिटी लिखा पोस्टर लेकर कार्यक्रम स्थल पर आगे बढ़ीं, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और कांग्रेस नेत्री के बीच तीखी नोकझोंक व झूमाझटकी होने लगी। स्थिति को संभालने और कार्यक्रम में किसी बड़े व्यवधान को रोकने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया और सभा स्थल से बाहर ले गई।
पुलिस पर अभद्रता का आरोप
हिरासत में लिए जाने के घटनाक्रम के बीच कांग्रेस नेत्री प्रतिभा सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन या पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, जबकि राजनीतिक गलियारों में सीएम की सभा के दौरान हुए इस घटना की खासी चर्चा है।









