उज्जैन/खबर डिजिटल/ उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर के विस्थापन को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मंदिर की प्रतिमा को दूसरी जगह स्थापित करने के प्रस्ताव पर पुजारी ने कुछ शर्तों के साथ सहमति जताई है। पुजारी की मांग है कि प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित रहे, नए मंदिर में भी भगवान की दिशा दक्षिणमुखी हो और प्रस्तावित स्थान से संबंधित दस्तावेज उन्हें उपलब्ध कराए जाएं।
स्थान को बदलने की बात आई सामने
इस बीच मंदिर को शिफ्ट करने के लिए पहले तय किए गए टंकी चौक के स्थान को अब बदलने की बात सामने आई है। चर्चा है कि वर्तमान मंदिर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित छत्री चौक के बगीचे में नया मंदिर बनाया जा सकता है। हालांकि, इस स्थान को लेकर प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल सभी पक्षों के साथ बातचीत का अंतिम दौर चलने की जानकारी सामने आई है।
टंकी चौक पर अब स्थापित नहीं होगी प्रतिमा
दरअसल, पिछले करीब चार महीने से खड़े हनुमान मंदिर को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की कवायद चल रही है। शुरुआत में प्रशासन ने मंदिर की प्रतिमा को स्थापित करने के लिए टंकी चौक का स्थान प्रस्तावित किया था। लेकिन इस फैसले को लेकर भक्तों में विरोध देखने को मिला। मंदिर को हटाने और प्रतिमा को शिफ्ट करने की प्रक्रिया के दौरान सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए। इनमें मूर्ति को हटाने की कोशिशों और मंदिर परिसर की स्कैनिंग से जुड़े दृश्य भी सामने आए। इसके बाद से ही मंदिर के नए स्थान को लेकर लगातार चर्चाएं होती रहीं, लेकिन अब तक अंतिम निर्णय नहीं हो सका है।
पुजारी ने रखीं दो प्रमुख शर्तें
मंदिर के पुजारी महेश बैरागी ने बताया कि प्रशासन की ओर से सभी संबंधित पक्षों के साथ चर्चा की जा रही है। मंदिर को नई जगह स्थानांतरित करने के विषय में उनसे भी बातचीत हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिमा को दूसरी जगह स्थापित करने पर उन्हें आपत्ति नहीं है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तों का पालन जरूरी है।
नए मंदिर की दिशा हो दक्षिणमुखी
पुजारी के मुताबिक, पहली शर्त यह है कि भगवान की प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित रखी जाए और नए मंदिर में भी उनकी दिशा दक्षिणमुखी ही रहे। दूसरी मांग यह है कि जिस स्थान पर मंदिर बनाया जाएगा, उससे संबंधित दस्तावेज उन्हें उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि टंकी चौक पर प्रतिमा स्थापित करने का पुराना प्रस्ताव अब पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है।
छत्री चौक के बगीचे में मंदिर बनाने की चर्चा
अब नए प्रस्ताव के रूप में छत्री चौक स्थित बगीचे में मंदिर निर्माण की चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि यह स्थान मौजूदा मंदिर से लगभग 50 मीटर के दायरे में है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस जगह को अंतिम रूप दिए जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में खड़े हनुमान मंदिर का भविष्य अब प्रशासन और संबंधित पक्षों के बीच चल रही बातचीत के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा।









