उज्जैन/खबर डिजिटल/ विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध के बावजूद नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का मंदिर परिसर में रील बनाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह मंदिर के चांदी द्वार तक मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने के बजाय प्रोटोकॉल के तहत VIP दर्शन कराए।मामले के सामने आने के बाद महाकाल मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को लेकर कार्रवाई की है। मंदिर की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली कोर कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, घटना के समय ड्यूटी पर तैनात तीन सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
चांदी द्वार तक बनता रहा वीडियो, सुरक्षाकर्मी नहीं रोक पाए
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में रुद्राक्ष शुक्ला मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रतिबंधित क्षेत्र चांदी द्वार तक भी मोबाइल से रिकॉर्डिंग की गई। इस दौरान सुरक्षाकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन वीडियो बनाने से रोकने के बजाय उन्हें VIP प्रोटोकॉल के तहत दर्शन कराए जाते रहे।
आम श्रद्धालुओं के लिए नियम, VIP के लिए अलग व्यवस्था?
महाकाल मंदिर में मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध है। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और धार्मिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नियम लागू किए गए हैं। ऐसे में प्रतिबंधित क्षेत्र तक मोबाइल पहुंचने और वहां वीडियो बनाए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद आम श्रद्धालुओं और रसूखदार लोगों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा कंपनी पर आर्थिक दंड लगाने और तीन गार्डों को निलंबित करने की कार्रवाई की है। इस घटना ने मंदिर में मोबाइल प्रतिबंध और सुरक्षा नियमों के पालन की व्यवस्था पर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।









