भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में परिवहन व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ने वाला है। 12 नवंबर 2026 से प्रांतीय ड्राइवर कल्याण महासंघ अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। महासंघ के अनुसार, अपनी समस्याओं को लेकर सरकार को उन्होंने पहले ही अवगत करा दिया था, उसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर ड्राइवरों को यह कदम उठाना पड़ा। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, इसी तरह गाड़ियों के पहिये जाम रहेंगे।
अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो अभियान
प्रांतीय ड्राइवर कल्याण महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश विश्वकर्मा का कहना है कि उन्हें समय-समय पर विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वो लोग कई दिनों तक अपने घरों से दूर रहते हैं, लेकिन फिर भी उनकी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी महासंघ ने सवाल उठाए हैं, क्योंकि कई बार बेवजह उनका चालान बना दिया जाता है। वाहन मालिक सारा दोष उनपर मढ़ देते हैं, जिसके चलते उन्हें मेहनत से काम करने के बाद भी मानसिक परेशानियों से जूझना पड़ता है। इसी तरहमहासंघ की अन्य भी कई मांगें हैं, जिसको लेकर उन्हें हड़ताल का सहारा लेना पड़ा।
महासंघ में करीब साढ़े चार लाख सदस्य
प्रांतीय ड्राइवर महासंघ, सहारा बाईपास कटारा हिल्स, रापड़िया, कृष्णा गार्डन भोपाल से संचालित होता है। जिसमें प्रदेशभर से करीब साढ़े चार लाख सदस्य पंजीकृत है। देशभर में भी लाखों की संख्या में सदस्य है। जिन्होंने अपनी मांगों को लेकर विभिन्न विभागों को अवगत करा दिया कि जब तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता है, वो अपने अभियान से पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि इससे आम जनता को परेशानी होना लाजिमी है।









