इंदौर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार, 16 नवंबर को इंदौर में नमो निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय और प्रसिद्ध डॉक्टर विश्वरूप रॉय चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय की पहल पर शुरू किए गए इस सेंटर में आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभावान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी। इस पहल को सोशल मीडिया पर भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। X पर #AKVijayvargiyaFreeEducation हैशटैग देशभर में नंबर-1 पर ट्रेंड कर चुका है।
प्रतिभा को तराशने का होगा काम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रतिभा किसी आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती। यदि कोई युवा आर्थिक रूप से कमजोर है, लेकिन उसमें प्रतिभा है तो उसे आगे बढ़ाने और तराशने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे भी प्रशासनिक और अन्य सरकारी सेवाओं में पहुंच सकें।
15 से 20 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 24 घंटे खुली ई-लाइब्रेरी
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि स्कूल परिसर में 15 से 20 करोड़ रुपये की लागत से ई-लाइब्रेरी तैयार कराई जाएगी। यहां विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे पढ़ाई करने की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर शहर के दूसरे क्षेत्रों में भी इसी तरह के कोचिंग सेंटर शुरू किए जाएंगे।
विद्यार्थियों को 'कैलाश मंत्र'
कैलाश विजयवर्गीय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार और संस्थाएं पढ़ाई के लिए सुविधाएं उपलब्ध करा सकती हैं, लेकिन मेहनत विद्यार्थियों को खुद करनी होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को कम से कम एक साल पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई में लगाना चाहिए। इस एक साल की तपस्या का परिणाम उन्हें जीवनभर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि कोचिंग में पढ़ने वाले विद्यार्थी अगले साल तक सरकारी नौकरी हासिल कर नियुक्ति पत्र प्राप्त करेंगे।
अगले साल ढाई लाख सरकारी पदों पर भर्ती का ऐलान
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि अगला वर्ष युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और राज्य सरकार अगले साल ढाई लाख पदों पर भर्ती निकालेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने और अभी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटने की अपील की।
400 से ज्यादा आवेदन, 208 विद्यार्थियों का चयन
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने बताया कि उनके क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार रहते हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। इसके बावजूद यहां कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी हैं, जो सरकारी नौकरी की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन महंगी कोचिंग फीस के कारण उन्हें परेशानी होती है। विद्यार्थियों की इसी जरूरत को देखते हुए नमो कोचिंग सेंटर शुरू करने का विचार आया।
प्रशासनिक अधिकारी होंगे तैयार
विजयवर्गीय ने बताया कि इस निःशुल्क कोचिंग के लिए 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर 208 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। शुरुआत में 100 बच्चों को प्रशिक्षण देने की योजना थी, लेकिन आवेदन अधिक आने के कारण संख्या बढ़ाकर 208 कर दी गई। आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभावान बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उनका प्रयास है कि यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों में से भविष्य में कलेक्टर, कमिश्नर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी तैयार हों।
कौटिल्य एकेडमी के शिक्षक देंगे प्रशिक्षण, 5 हजार का स्टडी मटेरियल मुफ्त
नमो कोचिंग सेंटर के शैक्षणिक संचालन की जिम्मेदारी कौटिल्य एकेडमी को दी गई है। एकेडमी के अनुभवी शिक्षक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाएंगे। वहीं, कोचिंग के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की ओर से की जाएगी।कोचिंग की कक्षाएं शाम 5 से 7 बजे तक संचालित होंगी। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को करीब 5 हजार रुपये का स्टडी मटेरियल भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित की गई।
इन प्रतियोगी परीक्षाओं की होगी तैयारी
नमो निःशुल्क कोचिंग सेंटर में विद्यार्थियों को अलग-अलग सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC)
फूड सेफ्टी ऑफिसर
पटवारी भर्ती परीक्षा
सब इंस्पेक्टर (SI)
पुलिस कांस्टेबल
शिक्षक वर्ग-1
शिक्षक वर्ग-2
शिक्षक वर्ग-3
देशभर में चर्चा में आई आकाश विजयवर्गीय की पहल
निःशुल्क कोचिंग सेंटर शुरू करने की पहल को सोशल मीडिया पर भी काफी प्रतिक्रिया मिली है। X पर #AKVijayvargiyaFreeEducation हैशटैग के नंबर-1 पर ट्रेंड करने का उल्लेख करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए शुरू किया गया यह प्रयास सराहनीय है। इस दौरान कौटिल्य एकेडमी के डायरेक्टर सिद्धांत जोशी ने विद्यार्थियों को अर्जुन और हनुमानजी का उदाहरण देते हुए अपनी क्षमताओं को पहचानने और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने की सीख दी। वहीं, कोचिंग के माध्यम से चयनित जिला शिक्षा अधिकारी शौर्य मल्होत्रा और एसीपी अशोक जाटव ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।









