भोपाल/खबर डिजिटल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित "वन इंदौर, रन इंदौर 2.0" One Indore Run Indore: मैराथन में वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित किया। सीएम मोहन यादव ने न केवल स्वस्थ जीवनशैली-नियमित व्यायाम-फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया, बल्कि प्रतिभागियों को पानी की एक-एक बूंद का सदुपयोग करने, पानी की बर्बादी रोकने और प्राचीन जल स्रोतों को स्वच्छ-संरक्षित रखने का संकल्प भी दिलाया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कल बीती रात मध्यप्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का फाइनल जीतने की ऐतिहासिक शुरुआत हुई। हमारी बेटियों ने जो अद्भुत प्रदर्शन किया, उसने सबको आश्चर्यचकित कर दिया।
देश-विदेश से आए खिलाड़ियों के बीच हमारी बेटियों ने ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि हर कोई उनकी प्रतिभा का कायल हो गया और जब चीन को दो-दो बार शिकस्त दी जाती है, तो इंदौर में बल्ले-बल्ले होना स्वाभाविक है।
दुश्मनों को कड़ा संदेश दे रहा भारत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मेरी ओर से आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। इतनी सुबह अपने जल और स्वास्थ्य के संरक्षण के लिए आपने जो संकल्प लिया है, वह सराहनीय है। विशेष रूप से फिटनेस को लेकर इससे जो सकारात्मक संदेश समाज में जाएगा, वह अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मैं इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना करना चाहूंगा। उनके नेतृत्व में हमने एक-एक करके अनेक बड़े उद्देश्यों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि भारत ने नक्सलवाद से लेकर आतंकवादियों तक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की। हमारी सेनाओं ने देश की सुरक्षा के लिए सीमाओं के पार जाकर भी जवाब देने का संकल्प दोहराया है।
जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज के इस अवसर पर स्वास्थ्य, ऊर्जा और जल संरक्षण को लेकर आपने जो संकल्प लिया है, उसके लिए मैं आपको हार्दिक बधाई देता हूं। फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया मूवमेंट के माध्यम से फिटनेस को जन-आंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
आज जिस प्रकार का समय चल रहा है, उसमें प्रत्येक नागरिक के लिए स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अपनाने के साथ-साथ हमें अपनी आदतों और जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य और भविष्य को दें प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि फिटनेस, नशामुक्ति और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को एक साथ जोड़कर आपने अद्भुत पहल की है। इंदौर में नर्मदा का जल यशवंत सागर में छोड़ने की पूरी व्यवस्था की जा रही है। नर्मदा महारानी का आशीर्वाद हमारे लिए सदैव बना हुआ है। जल संकट की किसी भी परिस्थिति में सरकार आपके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी।
उन्होंने कहा कि आज जब आप नशामुक्ति की बात कर रहे हैं, तो हमारा संदेश भी स्पष्ट होना चाहिए। नशे को कहें 'ना' और फिटनेस को कहें 'हां'। इसी सकारात्मक सोच और संकल्प के बल पर आज बदलते दौर में हमें अपनी जीवनशैली को भी बदलना होगा। आज समाज में अनेक प्रकार के आकर्षण हैं, लेकिन हमें अपने स्वास्थ्य और भविष्य को प्राथमिकता देनी होगी।









