इंदौर /नरेन्द्र महावर/खबर डिजिटल/ शहर में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ जल संरक्षण एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 29 नवंबर को ‘वन इंदौर रन इंदौर’ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यूनाइटेड इंदौर के बैनर तले आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में करीब 25 हजार धावकों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन के लिए अब तक 15 हजार से अधिक लोग अपना पंजीयन करा चुके हैं।
मैराथन की शुरुआत दशहरा मैदान से होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। वहीं, पूर्व भारतीय फुटबॉलर रणजीत बजाज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी इस आयोजन में शामिल होकर धावकों का उत्साह बढ़ाएंगे।

तीन अलग-अलग श्रेणियों में होगी मैराथन
आयोजन में प्रतिभागियों के लिए 10, 5 और 3 किलोमीटर की तीन श्रेणियां रखी गई हैं। 10 किलोमीटर की दौड़ में पेशेवर और अनुभवी धावक हिस्सा लेंगे। इसमें दिल्ली, राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों से भी धावकों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, 5 किलोमीटर की दौड़ फिटनेस के प्रति जागरूक नागरिकों के लिए होगी, जबकि 3 किलोमीटर की श्रेणी में परिवार के सदस्य एक साथ दौड़कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
मैराथन को उत्साहपूर्ण बनाने के लिए दौड़ के साथ जुम्बा और अन्य फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। 10 किलोमीटर की श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 15 हजार रुपये और दूसरे स्थान पर आने वाले धावक को 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा 5 और 3 किलोमीटर की श्रेणियों में भी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
धावकों की सुविधा और सुरक्षा के विशेष इंतजाम
आयोजन समिति की ओर से प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। धावकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी। पंजीकृत प्रतिभागियों को टी-शर्ट, पानी की बोतल, बैग सहित जरूरी सामग्री से युक्त गुडी बैग दिया जाएगा।
फिटनेस के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश
महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में लगातार दूसरे वर्ष आयोजित हो रही इस मैराथन का उद्देश्य केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं है। इसके जरिए शहर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, पानी बचाने और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
स्वच्छता की तर्ज पर फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश
महापौर पुष्यमित्र भार्गव के अनुसार, स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने जिस तरह नागरिकों की भागीदारी से अपनी अलग पहचान बनाई है, उसी तर्ज पर फिटनेस, जल संरक्षण और नशामुक्ति को भी जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। इस आयोजन के माध्यम से शहरवासियों को एक सकारात्मक सामाजिक अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।









