कटनी/खबर डिजिटल/ नाबालिग बालक-बालिकाओं की गुमशुदगी और अपहरण के मामलों में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़वारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने बहला-फुसलाकर ले जाई गई नाबालिग बालिका को उत्तरप्रदेश से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय से बेटी की तलाश में परेशान परिवार ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को बालिका के परिजनों ने थाना बड़वारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 315/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से लगातार तलाश जारी रखी। आखिरकार 15 नवंबर 2026 को बालिका को उत्तरप्रदेश से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह, सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता मिश्रा, आरक्षक रवि कुमार कोरी एवं साइबर सेल के आरक्षक शुभम गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









