सोनू श्रीवास्तव, गुना। प्लेएक्सस्ट्रीम स्पोर्ट्स कॉर्पोरेशन गुना के तत्वावधान में प्लेएक्सस्ट्रीम स्कूल प्रीमियर लीग कबड्डी चैंपियनशिप के लिए चयन (ट्रायल) का आयोजन रविवार को एवन स्पोर्ट्स क्लब संस्कार सिटी में किया गया। इस ट्रायल में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कबड्डी खेल प्रतिभा दमखम एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जूनियर एवं सीनियर कैटेगरी की टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया।
चयन (ट्रायल) में मां बाल कॉन्वेंट स्कूल की टीम से जूनियर कैटेगरी में 11 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों में निर्भय सिंह जादौन, नैतिक राय, अनंत रघुवंशी, नरेंद्र गुर्जर, माखन नायक, राजपाल, रोहित कपूर, बलराम लोधा, गिर्राज धाकड़ एवं अनुज बघेल शामिल हैं। वहीं स्वामी विवेकानंद स्कूल की टीम से सीनियर कैटेगरी में10 खिलाड़ियों का चयन प्लेएक्सट्रीम स्पोर्ट्स की सीनियर टीम के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों में विक्रांत प्रताप धाकड़, ध्रुव राजपूत, काना राय, राम सिंह, सोहम खटीक, गोलू सहरिया, प्रशांत अहिरवार, अयांन शाह, विक्की अहिरवार एवं रोहित कुशवाह शामिल हैं।इस प्रकार दोनों स्कूलों के कुल 21 खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल में सफलता प्राप्त कर जूनियर एवं सीनियर टीमों में अपनी जगह बनाई। इस अवसर पर प्लेएक्सस्ट्रीम स्पोर्ट्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र गोयल ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने, अनुशासन बनाए रखने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने स्कूल, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। चयन (ट्रायल) के आयोजन में कोच तौफीक खान, महिला कोच कृष्टिका कुशवाह ,भानु नामदेव,राहुल नामदेव (रुठियाई) एवं अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में प्लेएक्सस्ट्रीम स्पोर्ट्स कॉर्पोरेशन के फाउंडर एवं मीडिया प्रभारी कालिदास भी शामिल रहे।प्लेएक्सस्ट्रीम स्पोर्ट्स कॉर्पोरेशन गुना का मुख्य उद्देश्य स्कूल स्तर पर कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचानना तथा उन्हें बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराना है। संस्था द्वारा इस प्रकार के आयोजन कर युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस संपूर्ण चयन ट्रायल एवं खिलाड़ियों के चयन से संबंधित जानकारी प्लेएक्सस्ट्रीम स्पोर्ट्स कॉर्पोरेशन की सचिव सेवा देवी द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों, कोचों एवं सहयोगियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









