आलीराजपुर/ खबर डिजिटल/ कुलदीप खराड़ीया/ अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए चौकी बरझर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना आजाद नगर क्षेत्र के गुजरात बॉर्डर से लगे माल फलिया बरझर नाले के पास दबिश देकर अवैध बीयर की 42 पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा 504 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 38 हजार 96 रुपये है।
मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि शराब का यह जखीरा किसका था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।
बड़ा सवाल यह है कि गुजरात बॉर्डर से लगे इलाके में अवैध शराब का यह कारोबार आखिर कौन चला रहा था? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।









