अरविन्द तिवारी, रीवा। रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम सिलपरा नहर में डूबने से 17 साल के दो जुड़वा भाई लापता हो गए। दोनों की पहचान अंशु सेन और प्रांशु सेन के रूप में हुई है। वे पोड़की गांव के रहने वाले थे और शहर में पीटीएस चौराहे के पास किराए के कमरे में रहते थे। जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई मंगलवार शाम पांच दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। इसी दौरान वे सिलपरा नहर पहुंचे, जहां दोनों के डूबने की घटना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी की गई, लेकिन रात होने और अंधेरा होने के कारण अभियान शुरू नहीं हो सका। बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि अब बुधवार सुबह दोनों भाइयों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।











