खबर डिजीटल, राकेश यादव, सिवनी। जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। मामला एक बालिग युवक-युवती से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें कथित तौर पर गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दिए जाने का आरोप सामने आया है।
इस पूरे मामले में एडिशनल एसपी सहित कुछ पुलिसकर्मियों पर भी आरोप लगाए गए हैं। इतना ही नहीं, मंथली वसूली किए जाने के गंभीर आरोप भी चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि होटल सिद्धार्थ के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है।
वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को लेकर जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाना बेहद जरूरी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वायरल वीडियो और होटल सिद्धार्थ के सीसीटीवी फुटेज की जांच कब होगी? क्या पुलिस विभाग इन गंभीर आरोपों पर अपना पक्ष रखेगा? और क्या मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी?
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस विभाग के आधिकारिक पक्ष और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।









