राकेश यादव, सिवनी। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर ग्राम बांकी में सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित दीपनारायण तिवारी के श्रीमुख से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ अवसर पर पूरे गांव में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। इसके पूर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए।
कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण किए, वहीं पुरुष और बच्चे हाथों में धार्मिक ध्वज लेकर चल रहे थे। डीजे पर गूंजते भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु झूमते-गाते नजर आए। अबीर-गुलाल के साथ पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा ग्राम बांकी से प्रारंभ होकर कथा स्थल पहुंची। यहां कथा वाचक पंडित दीपनारायण तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कलश स्थापना कराई गई।
पंडित दीपनारायण तिवारी के श्रीमुख से आगामी सात दिनों तक श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने का अवसर मिलेगा। कथा को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।








