Sonia Gandhi Autobiography: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंगः ए जर्नी ऑफ लव’Belonging A Journey of Love में मध्यप्रदेश के 3 दिग्गज नेताओं - अर्जुन सिंह, माधवराव सिंधिया और दिग्विजय सिंह के साथ अपने राजनीतिक अनुभवों को साझा किया है. किताब में उन्होंने 1999 के घटनाक्रम को याद करते हुए स्वीकार किया है कि अर्जुन सिंह की सलाह न मानना उनकी भूल थी.
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंगः ए जर्नी ऑफ लव’ में मध्यप्रदेश की सियासत के तीन बड़े चेहरों का खास जिक्र किया गया है. अपनी इस किताब में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह, दिग्विजय सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया से जुड़े अपने राजनीतिक अनुभवों को विस्तार से साझा किया है. किताब के पन्नों पर जहां अर्जुन सिंह की राजनीतिक सूझबूझ और सलाह की बात की गई है, वहीं माधवराव सिंधिया के समर्थन और दिग्विजय सिंह की संगठनात्मक पकड़ को भी याद किया गया है.
अर्जुन सिंह की सलाह न मानना मानी बड़ी भूल
इस किताब में सबसे रोचक प्रसंग दिग्गज नेता अर्जुन सिंह को लेकर दर्ज है. सोनिया गांधी ने लिखा है कि अर्जुन सिंह के पास बेहद पेचीदा राजनीतिक हालात को गहराई से भांपने की अद्भुत क्षमता थी. साल 1999 के सियासी घटनाक्रम को याद करते हुए सोनिया ने बेबाकी से यह स्वीकार किया है कि उस नाजुक दौर में अर्जुन सिंह की सलाह को नजरअंदाज करना उनकी एक भूल थी. उनकी यह स्वीकारोक्ति उस समय के कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों और राष्ट्रीय राजनीति में अर्जुन सिंह के मजबूत कद को बयां करती है.
चुनौतीपूर्ण वक्त में माधवराव सिंधिया का मिला साथ
अपने सियासी सफर के शुरुआती और मुश्किल दिनों को याद करते हुए सोनिया गांधी ने दिवंगत नेता माधवराव सिंधिया के योगदान को भी सराहा है. उन्होंने आत्मकथा में साफ लिखा है कि राजनीति में कदम रखने के बाद जब वे चुनौतियों का सामना कर रही थीं, तब जिन चुनिंदा नेताओं ने उन्हें सबसे ज्यादा संबल और सहयोग दिया, उनमें माधवराव सिंधिया सबसे आगे थे. यह जिक्र दर्शाता है कि कांग्रेस के भीतर सोनिया की शुरुआती पारी को संवारने में सिंधिया की भूमिका कितनी अहम रही थी.
संगठन में दिग्विजय सिंह के कद को किया याद
आत्मकथा के पेज नंबर 393 पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का जिक्र पार्टी संगठन के एक अनुभवी और बेहद महत्वपूर्ण स्तंभ के तौर पर हुआ है. सोनिया गांधी ने बताया है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के दौर के कई नेताओं से उनकी पुरानी जान-पहचान थी. इनमें आजादी की लड़ाई में हिस्सा लेने वाले वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ एनएसयूआई (NSUI) और युवा कांग्रेस की राजनीति से उभरे चेहरे भी शामिल थे. मध्यप्रदेश के इन तीनों दिग्गजों का किताब में शामिल होना यह साबित करता है कि राष्ट्रीय राजनीति और गांधी परिवार के साथ इनके रिश्ते कितने गहरे रहे हैं.









