डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ अमरपुर स्थित सांदीपनी स्कूल में पढ़ाने वाले प्राइमरी शिक्षक प्रशांत साहू की हरकतों ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। स्कूल की कई छात्राएं सोमवार को सिटी कोतवाली पहुंचीं और उन्होंने शिक्षक द्वारा भेजे गए आपत्तिजनक वॉट्सऐप चैट, लगातार किए गए व्यक्तिगत मैसेज, और दबाव बनाने वाली बातचीत के स्क्रीन शॉट पुलिस को सौंपे। शिकायत की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत शिक्षक के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
रात में भेजे जाते थे आपत्तिजनक मैसेज -‘आई लव यू’
छात्राओं के अनुसार शिक्षक प्रशांत साहू रात में पर्सनल चैट पर ‘आई लव यू’, ‘एक बार मिल लो’, ‘तुम बहुत याद आती हो’ जैसे संदेश भेजता था। एक छात्रा ने बताया कि जब उसने जवाब नहीं दिया, तो शिक्षक ने कहा कि “परीक्षा में नंबर कम देकर मजा चखाऊंगा।” कई छात्राओं ने बताया कि शिक्षक अक्सर अपनी स्थिति का लाभ उठाकर उन्हें बहकाने की कोशिश करता था। उपसरपंच सेंसी चंदौल ने पुष्टि की कि कई छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए यह स्वीकार किया कि शिक्षक पिछले लंबे समय से उन्हें डराकर और धमकाकर मैसेज कर रहा था।
रात 10 बजे घर के बाहर बुलाने का प्रयास
शिकायत में एक छात्रा ने बताया कि 21 नवंबर की रात 10 बजे शिक्षक ने उसे घर के बाहर मिलते रहने का दबाव बनाया। जब वह नहीं गई, तो शिक्षक ने फोन कर घर वालों को बुलाकर विवाद करने की धमकी दी। छात्राओं ने कहा कि शिक्षक अनेक बार कहता था— “मुझे बस तू ही दिखाई देती है… एक बार मिल लो, वरना संभलना मुश्किल होगा…” विरोध करने पर इंग्लिश और केमिस्ट्री विषय में नंबर काटने का डर दिखाया जाता था। इससे छात्राएं मानसिक रूप से प्रताड़ित और परेशान रहती थीं।


