रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग लगातार अपने प्रोजेक्ट में नए-नए प्रयोग कर रहा है, पर्यटकों को यह प्रयोग काफी भा रहे हैं। छिंदवाड़ा में पर्यटन विभाग ने होम स्टे की कुछ दिन पहले ही शुरुआत की है। इसी तरह अन्य पर्यटक स्थलों पर यह सुविधा काफी पहले से मिल रही है, जोकि विदेशियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं अब रीवा में भी होम स्टे की शुरुआत हो गई है।
सेमरिया क्षेत्र में किया गया गृह प्रवेश
मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटक स्थलों को बढ़ावा देने हेतु क्षेत्रीय पर्यटन स्थलों में होम स्टे का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटक जाकर होम स्टे में जाकर वहां रुककर उस पर्यटक स्थान का आनंद ले सके। साथ ही होम स्टे में ग्रामीण परिवेश रहकर ग्रामीण देशी चूल्हे में बना भोजन भी उपलब्ध हो सके। इसी तारतम्य में ग्राम सुधार समिति द्वारा सेमरिया विधान सभा के मुख्य पर्यटक स्थल पुरवा जल प्रपात के पास गांव में 16 जगहों पर होम स्टे बनवाया गया है।
होम स्टे का किया शुभारंभ
होम स्टे का उद्घाटन सेमरिया तहसीलदार राजेश तिवारी, अमित पाण्डेय उपाध्यक्ष गौ संवर्धन बोर्ड के जिला उपाध्यक्ष द्वारा किया गया। इस दौरान ग्राम सुधार समिति के सदस्य,स्व सहायता समूह के सदस्य सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।


