नागरिकों की सुविधा हेतु नगर निगम कार्यालय में ई-केवाईसी केंद्र पर विशेष बैठक व्यवस्था
कटनी – नगर निगम कार्यालय में ई-केवाईसी कराने आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा विशेष बैठक व्यवस्था की गई है। नागरिकों को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए प्रतीक्षालय में कुर्सियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ई-केवाईसी प्रक्रिया के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों को नागरिकों से शालीनतापूर्वक व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी और सहयोग प्रदान करना चाहिए, ताकि कार्य में पारदर्शिता और सहजता बनी रहे।
इस नई व्यवस्था से नागरिकों को भीड़भाड़ में राहत मिली है तथा निगम में आने वाले लोगों का ई-केवाईसी कार्य अब सुचारू रूप से संपन्न हो रहा है। नागरिकों ने भी निगम प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।


