आईपीएल 2027 से पहले धोनी का बड़ा फैसला, अब मैदान पर नहीं डगआउट में दिखेंगे माही
आईपीएल 2027 की रिटेंशन प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अब आईपीएल को भी अलविदा कह दिया है. उनके इस फैसले का सीधा मतलब है कि अगले सीजन में फैंस उन्हें मैदान पर चौके-छक्के लगाते हुए नहीं देख पाएंगे. हालांकि, चेन्नई के चाहने वालों के लिए एक राहत की खबर भी है. फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम का नया मेंटर नियुक्त करने का ऐलान किया है. सीएसके ने खुद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए यह जानकारी साझा की है, जिससे साफ हो गया है कि धोनी का खेल भले ही थम गया हो, लेकिन येलो आर्मी के साथ उनका सफर एक नए किरदार में जारी रहेगा.
2008 से शुरू हुआ था चेन्नई के साथ अटूट रिश्ता
धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का साथ टूर्नामेंट के पहले सीजन यानी साल 2008 से ही बना हुआ है. अपने करियर के इस लंबे दौर में वे हमेशा चेन्नई की जर्सी में ही नजर आए. केवल उन दो सालों को छोड़ दिया जाए जब फ्रेंचाइजी पर बैन लगा था, तब उन्होंने दूसरी टीम का प्रतिनिधित्व किया था. लेकिन जैसे ही सीएसके ने लीग में वापसी की, माही बिना किसी देरी के फिर से अपने पुराने घर लौट आए और संन्यास लेने तक इसी टीम का हिस्सा बने रहे.
कप्तानी का सुनहरा दौर और दमदार रिकॉर्ड
महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी करिश्माई कप्तानी के दम पर चेन्नई को पांच बार आईपीएल का चैंपियन बनाया. जब उन्होंने खुद कप्तानी की जिम्मेदारी छोड़ने का मन बनाया, तो पहले रवींद्र जडेजा और फिर रुतुराज गायकवाड को टीम की कमान सौंपी गई. मौजूदा समय में भी रुतुराज ही टीम का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन कोई भी कप्तान टीम को उस ऊंचाई तक नहीं ले जा सका, जहां धोनी ने पहुंचाया था.
अगर उनके आईपीएल करियर के आंकड़ों पर नजर डालें, तो उन्होंने कुल 278 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान 38.30 की शानदार औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से उनके बल्ले से 5,439 रन निकले. इस सफर में उन्होंने 24 अर्धशतक जड़े और नाबाद 84 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा. भले ही वे इस लीग में कोई शतक नहीं लगा सके, लेकिन उनके बल्ले से निकले 264 गगनचुंबी छक्के हमेशा याद रखे जाएंगे.
चोट के कारण पिछले सीजन भी मैदान से दूर थे माही
आने वाले सीजन में चेन्नई की टीम बिना धोनी के मैदान पर उतरेगी, हालांकि फैंस को इसकी झलक पिछले साल ही देखने को मिल गई थी. चोटिल होने के कारण धोनी पिछले सीजन में टीम के साथ यात्रा नहीं कर पाए थे और एक भी मुकाबला नहीं खेले थे. उनकी गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ने विकेटकीपिंग की कमान संभाली थी. धोनी को आखिरी बार 25 मई 2025 को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैदान पर देखा गया था, हालांकि उस मैच में उनकी बल्लेबाजी नहीं आई थी. उससे ठीक पहले दिल्ली में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने अपनी आखिरी पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 16 रनों का योगदान दिया था.









