स्पोर्ट्स डेस्क/खबर डिजिटल/ भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। खिताबी मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को बेहद रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से शिकस्त दी। आखिरी समय तक चले इस उतार-चढ़ाव भरे मैच में मोहित उलवा भारतीय जीत के सबसे बड़े नायक बनकर उभरे। उन्होंने दबाव के बीच नाबाद 49 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर लगभग हाथ से निकल चुके मुकाबले को भारत की झोली में डाल दिया।
पाकिस्तान ने दिया था 300 पार का लक्ष्य
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 338 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही और एक समय टीम जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही थी। हालांकि, मध्यक्रम के बल्लेबाजों के जल्दी-जल्दी आउट होने से मुकाबला पाकिस्तान के पक्ष में जाता नजर आने लगा। भारतीय टीम ने 252 रन के स्कोर पर अपना आठवां विकेट गंवा दिया था। उस समय जीत के लिए 86 रन की जरूरत थी और हाथ में केवल दो विकेट बचे थे।
मोहित उलवा और मैनाल चौहान ने पलटा मैच
मुश्किल परिस्थिति में मोहित उलवा और मैनाल चौहान ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने धैर्य और सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करते हुए नौवें विकेट के लिए 57 रनों की अहम साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारतीय टीम की जीत की उम्मीदों को फिर से जिंदा कर दिया। मोहित उलवा ने एक छोर संभालकर रखा और नाबाद 49 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। वहीं मैनाल चौहान ने भी संकट के समय उनका बेहतरीन साथ दिया। दोनों की साझेदारी मुकाबले का निर्णायक मोड़ साबित हुई। भारत ने एक विकेट शेष रहते 338 रनों का लक्ष्य हासिल कर एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
उस्मान खान के शतक और कादिर का तूफानी प्रदर्शन
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 111 गेंदों में 3 छक्के और 11 चौकों की मदद से 107 रन बनाए। उस्मान खान को अब्दुल कादिर का बेहतरीन साथ मिला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की शानदार साझेदारी हुई। कादिर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 54 गेंदों में 80 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 8 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। इसके अलावा पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ ने भी जिम्मेदारी संभालते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने 60 गेंदों में 63 रन बनाए। इन तीनों बल्लेबाजों के दम पर पाकिस्तान भारत के सामने 338 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने में सफल रहा।
परेश पटेल ने झटके 4 विकेट
भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो परेश पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने पूरे 10 ओवर का कोटा पूरा करते हुए 68 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। विजय सुभाष ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 40 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। हालांकि पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट लगाए, लेकिन भारतीय टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी समय तक हार नहीं मानी। मोहित उलवा और मैनाल चौहान की जुझारू बल्लेबाजी ने भारत को ऐतिहासिक जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारतीय युवा टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में दबाव के बावजूद मुकाबला पलटने का दम उसके खिलाड़ियों में मौजूद है।









