कटनी। बरही अग्निकांड की हृदयविदारक त्रासदी ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत से हर आंख नम है। इस हृदयविदारक घटना में दिवंगत हुए छह लोगों की स्मृति में कटनी के मिशन चौक पर कांग्रेसजनों ने कैंडल जलाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा का नेतृत्व शहर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के छह सदस्यों का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी की संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं।
अग्निशमन व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही पर उठाए सवाल
एडवोकेट अमित शुक्ला ने बरही अग्निकांड को लेकर शासन-प्रशासन की अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि पर्याप्त अग्निशमन संसाधन उपलब्ध होते और फायर ब्रिगेड समय पर घटनास्थल पहुंच पाती, तो संभवतः इन अनमोल जिंदगियों को बचाने की कोशिश और प्रभावी हो सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह हादसा केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे समाज और व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी है। पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना और अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
ये रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि सभा में एडवोकेट अमित शुक्ला, राकेश जैन कक्का, राजा जगवानी, रजनी वर्मा, अरुण मामा कनोजिया, राजेश जाटव, जितेन्द्र गुप्ता, अजय जैसवानी, देवीदीन गुप्ता, मोसुफ अहमद बिट्टू, गुलाम जाफर, अजय कोल, संजय गुप्ता, राजकुमार विश्वकर्मा, श्वेता कटारे, अदिता वर्मा, सलाहुद्दीन खान, अंशु गुप्ता, मो. फरीद, जॉर्ज डेविड, रमेश अहिरवार, अशोक बहलानी, अभय गौतम, जितेंद्र चौबे एवं शरद पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि। विनम्र नमन।








