बड़वारा। शराब पीने के लिए जबरन रुपये मांगना और इनकार करने पर मारपीट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले एक व्यक्ति से शराब के लिए पैसे मांगे गए। जब उसने आर्थिक तंगी का हवाला देकर रुपये देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डंडों से हमला कर दिया। घटना में फरियादी के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। मामले में कार्रवाई करते हुए बड़वारा पुलिस ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 11 नवंबर की रात करीब 11 बजे ग्राम सलैया ठाकुर की है। गांव निवासी तुलसीदास राव (45) अपने घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान गांव के ही विमल सिंह रघुवंशी (25) और अंकित सिंह रघुवंशी (24) वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगे। फरियादी ने मजदूर होने और पास में पैसे नहीं होने की बात कहते हुए रुपये देने से इनकार कर दिया। यह बात आरोपियों को नागवार गुजरी और दोनों ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर डंडों से हमला कर दिया।
आरोपियों की मारपीट से फरियादी के दोनों हाथों, बाएं पैर की पिंडली, कमर के बाईं ओर और बाएं कान के पीछे चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने बड़वारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 663/2026 के तहत बीएनएस की धारा 119(1), 296(बी), 351(2), 115(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
फरार आरोपियों की तलाश के बाद गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 13 नवंबर को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा का मार्गदर्शन रहा। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय सहित पुलिस टीम के सदस्यों की विशेष भूमिका रही।









