भोपाल/खबर डिजिटल/ भोपाल मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट को लेकर किसानों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। दावे-आपत्तियों की सुनवाई के दूसरे दिन मंगलवार को लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में किसानों ने जमकर हंगामा किया। नाराज किसानों ने मास्टर प्लान के ड्राफ्ट की कॉपी जलाकर विरोध दर्ज कराया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान किसानों ने बड़े तालाब के कैचमेंट क्षेत्र से गांवों को मुक्त करने की मांग उठाई।
जमीन के अधिकार प्रभावित!
किसानों का आरोप है कि बड़े तालाब के आसपास स्थित 78 गांवों की कृषि भूमि को रिवरफ्रंट, फॉरेस्ट और ग्रीन बेल्ट में शामिल कर उनकी आजीविका पर संकट खड़ा किया जा रहा है। किसानों ने भोजताल संरक्षण जोन बीआईजेड-1 और बीआईजेड-2 को हटाने की मांग करते हुए कहा कि मास्टर प्लान में बदलाव से पहले संबंधित ग्रामसभाओं की सहमति ली जानी चाहिए। उनका कहना है कि कृषि भूमि के उपयोग में प्रस्तावित बदलाव से भविष्य में खेती और जमीन के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
दूसरे दिन 1047 आपत्तिकर्ताओं को बुलाया, पहुंचे सिर्फ 292
मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर आई आपत्तियों की सुनवाई के दूसरे दिन कुल 1047 आपत्तिकर्ताओं को बुलाया गया था, लेकिन इनमें से 292 लोग ही सुनवाई में शामिल हुए। इस दौरान मुख्य रूप से कैचमेंट क्षेत्र में शामिल किए गए 78 गांवों और कृषि भूमि के लैंडयूज में बदलाव को लेकर आपत्तियां सुनी गईं। गौरतलब है कि कैचमेंट क्षेत्र और भूमि उपयोग परिवर्तन को लेकर नगर तथा ग्राम निवेश विभाग (टीएंडसीपी) को करीब पांच हजार आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इसी वजह से सुनवाई के तीसरे दिन बुधवार को भी इन्हीं मुद्दों पर चर्चा होगी।
बुधवार को 1079 आपत्तियों पर होगी सुनवाई
मास्टर प्लान को लेकर चल रही सुनवाई के दूसरे दिन 292 आपत्तियों पर विचार किया गया। वहीं, बुधवार को कैचमेंट क्षेत्र में शामिल गांवों और भूमि उपयोग परिवर्तन से संबंधित करीब 1079 आपत्तियों की सुनवाई प्रस्तावित है। किसानों को उम्मीद है कि उनकी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार कर मास्टर प्लान के अंतिम प्रारूप में जरूरी बदलाव किए जाएंगे।
मांगें नहीं मानीं तो पूरे जिले में आंदोलन की चेतावनी
जनपद अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत ने सुनवाई के दौरान जनप्रतिनिधियों की सूची से ऐन वक्त पर उनका नाम हटाए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कैचमेंट का नाम बदलकर या नया जोन बनाकर किसानों के अधिकारों को सीमित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ और ड्राफ्ट में जरूरी सुधार नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में पूरे जिले में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने साफ किया कि उनकी जमीन और आजीविका से जुड़े मुद्दों पर समझौता नहीं किया जाएगा।
नयापुरा की जमीन का लैंडयूज RG-5 से RG-4 करने की मांग
सुनवाई के दौरान कोलार रोड स्थित ग्राम नयापुरा की जमीन के भूमि उपयोग परिवर्तन को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई गई। जसवंत मारण ने खसरा नंबर 30, 32, 33, 37, 48/2 और 49 की जमीन का लैंडयूज RG-5 से बदलकर RG-4 आवासीय करने की मांग रखी। उन्होंने तर्क दिया कि वर्ष 2005 की योजना में इस जमीन को आवासीय निम्न घनत्व क्षेत्र के रूप में दर्ज किया गया था। वर्तमान में इसके आसपास कई घनी आवासीय कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। इसके अलावा करीब आठ किलोमीटर आगे ग्राम गोल तक का क्षेत्र भी RG-4 आवासीय लैंडयूज में शामिल है।
जमीन के आसपास नहीं नदी या तालाब
जसवंत मारण के अनुसार, संबंधित जमीन के आसपास कोई नदी या तालाब नहीं है और न ही यह क्षेत्र पर्यावरणीय रूप से संवेदनशील है। ऐसे में इसे RG-4 आवासीय क्षेत्र में शामिल किया जाना चाहिए। फिलहाल भोपाल मास्टर प्लान-2047 पर आपत्तियों की सुनवाई जारी है। आने वाले दिनों में कैचमेंट क्षेत्र, कृषि भूमि और आवासीय लैंडयूज को लेकर होने वाली सुनवाई पर किसानों और संबंधित क्षेत्र के लोगों की नजर रहेगी।









