भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच जिले के मनासा दौरे के दौरान एक भावुक कर देने वाला घटनाक्रम सामने आया था। उनके काफिले के सामने एक 21 वर्षीय युवती पहुंच गई और रोते-बिलखते हुए उनसे मुलाकात कर अपनी समस्या बताने की गुहार लगाने लगी। युवती लगातार न्याय की मांग करती रही, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षा घेरे से दूर कर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ गया। वहीं अब युवती की समस्या पर मुख्यमंत्री ने स्वयं मुलाकात कर समस्या को हल करने का भरोसा दिलाया है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिलाया भरोसा
कुकड़ेश्वर निवासी 21 वर्षीय नेहा माली का वीडियो सीएम डॉ. मोहन यादव के संज्ञान में आने के बाद, उन्होंने तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों को तलब किया, और युवती को जल्द उनसे मिलाने के लिए कहा। उसके बाद मुलाकात के दौरान सीएम डॉ. मोहन बेहद ही भावुक नजर आए, उन्होंने कहा कि बेटी किसी भी बात की चिंता मत करना, किसी भी मदद की जरुरत हो बता देना। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद कलेक्टर को जल्द नेहा की समस्या को हल करने के साथ, अपनी तरफ से उसे 1 लाख रुपये की तत्काल सहायता देने की घोषणा की।
पिता की मौत के बाद मां ने भी छोड़ा साथ
नेहा माली के मुताबिक, उसके पिता की मौत के बाद मां भी उसे और उसकी छोटी बहन को छोड़कर चली गईं। इसके बाद दोनों बहनें अपने पिता के मकान में रहने लगीं। नेहा का आरोप है कि अब उनके रिश्तेदार दोनों बहनों को पिता के मकान से बेदखल करने की कोशिश कर रहे हैं। जिस पर मुख्यमंत्री के संज्ञान लेने के साथ कलेक्टर को जल्द समस्या करने का आदेश दिया है।









