मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की जिंदगी पर भी दिखाई देने लगा है. युद्ध और लगातार बनी अनिश्चितता की वजह से कई जरूरी सामानों की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे दुनियाभर के बाजारों में हलचल मच गई है. इसी बीच अब कंडोम की कीमतों में भी बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो आने वाले समय में लोगों को इसके लिए ज्यादा पैसे चुकाने पड़ सकते हैं.
दरअसल 28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला है. तेल की कीमतें करीब 50 फीसदी तक बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं. इसका असर उन उद्योगों पर ज्यादा पड़ रहा है जो पेट्रोलियम आधारित सामग्री पर निर्भर हैं. कंडोम निर्माण उद्योग भी इससे अछूता नहीं है.
कंडोम के दाम बढ़ेंगे
भारत में मैनफोर्स को सबसे किफायती कंडोम ब्रांड्स में गिना जाता है. फिलहाल इसके 10 कंडोम वाले पैकेट की कीमत लगभग 100 से 150 रुपये के बीच है. हालांकि अब कंपनियां संकेत दे रही हैं कि उत्पादन लागत बढ़ने की वजह से दामों में इजाफा करना पड़ सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक दुनिया की बड़ी कंडोम निर्माता कंपनी कारेक्स अपने उत्पादों की कीमतों में करीब 30 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की तैयारी में है. वहीं Mankind Pharma ने भी कहा है कि अगर कच्चे तेल के दाम लगातार ऊंचे बने रहे तो कीमतें बढ़ाना मजबूरी हो सकती है.
इश वजह से होगा मंहगा
असल में कंडोम बनाने में मुख्य रूप से नेचुरल लेटेक्स का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इसकी पैकेजिंग, लुब्रिकेंट्स और कई अन्य निर्माण प्रक्रियाएं पेट्रोलियम उत्पादों पर निर्भर होती हैं. ऐसे में जब कच्चा तेल महंगा होता है तो उत्पादन लागत बढ़ जाती है. इसके अलावा मिडिल ईस्ट संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी सप्लाई चिंताओं ने भी कंपनियों की परेशानी बढ़ा दी है. यही वजह है कि आने वाले दिनों में कंडोम की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
यह भी पढ़ें- हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें- MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें- इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी









