खबर digital news कटनी-- जिले के रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम सिमरा नंबर-1 की रहने वाली सुघर बाई ने पुलिस अधीक्षक कटनी को शिकायत सौंपकर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदिका का कहना है कि 26 जून की सुबह सार्वजनिक नल पर पानी भरने के दौरान गांव के एक व्यक्ति ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पानी भरने से रोका, उनकी पुत्री के साथ अभद्रता की और लाठी से मारपीट की।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब उनका बेटा बीच-बचाव करने पहुंचा, तब आरोपी ने स्वयं को चोट पहुंचाकर उल्टा उनके परिवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी, जबकि उनकी शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।आवेदिका ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि रीठी थाना एवं अजाक थाना को निष्पक्ष जांच कर उनकी रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला न केवल मारपीट बल्कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम से जुड़े गंभीर प्रश्न भी खड़े करता है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस अधीक्षक इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं और पीड़ित पक्ष को न्याय कब तक मिलता है।
"दलित महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, रीठी पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप"









