भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के दतिया में उपचुनाव के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी के भीतर उभरी खींचतान को खत्म करने के प्रयास तेज हो गए हैं। पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक दूरी को कम करने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में दोनों नेता गुरुवार को भोपाल में एक ही बैठक में शामिल हुए। इसे दतिया भाजपा में आपसी तालमेल और संगठनात्मक एकजुटता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
मंत्री के बंगले पर हुई बैठक
यह बैठक दतिया के प्रभारी मंत्री एदल सिंह कंसाना के भोपाल स्थित बंगले पर आयोजित की गई। इसमें डॉ. नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी के अलावा सांसद संध्या राय, विधायक प्रदीप अग्रवाल, पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया और भाजपा जिला अध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह परिहार भी मौजूद रहे। बैठक में दतिया जिले की नई संगठनात्मक व्यवस्था, जिला कार्यकारिणी और मंडल अध्यक्षों के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
नरोत्तम और आशुतोष की मुलाकात से सियासी चर्चाएं तेज
दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद से ही पार्टी के स्थानीय नेताओं के बीच खींचतान की चर्चाएं सामने आती रही हैं। खासतौर पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी के बीच राजनीतिक समीकरणों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में दोनों नेताओं का एक साथ बैठक में शामिल होना संगठन के भीतर चल रही दूरियों को कम करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। बैठक के अगले दिन डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने चंबल संभाग के प्रभारी डॉ. अभय यादव से भी मुलाकात की। इस मुलाकात को भी दतिया में संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के भीतर समन्वय स्थापित करने की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है।
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ यात्रा पर भी चर्चा
बैठक में केवल संगठनात्मक नियुक्तियों पर ही बातचीत नहीं हुई, बल्कि ग्वालियर में प्रस्तावित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' यात्रा की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पार्टी नेताओं के बीच आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिम्मेदारियों और संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा हुई। फिलहाल दोनों नेताओं का एक मंच पर आना भाजपा के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या यह मुलाकात दतिया में लंबे समय से चल रही गुटबाजी को वास्तव में खत्म कर पाएगी? जिला कार्यकारिणी और मंडलों में होने वाली नियुक्तियां भी यह तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी कि पार्टी के भीतर आपसी तालमेल कितना मजबूत हो पाता है।








