डिंडोरी/शैलेश नामदेव/ दीपावली सिर्फ दीयों की रोशनी का त्योहार नहीं है, बल्कि उस उजाले का नाम है जो किसी के सूने जीवन में उम्मीद बनकर पहुंचे। डिंडौरी से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो दिल को सुकून से भर देगी।
धनतेरस के पावन मौके पर डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया बिना किसी तामझाम के मंडला रोड बायपास स्थित 'जीवन आश्रम' वृद्धाश्रम पहुंच गईं। उन्होंने किसी वीआईपी की तरह नहीं, बल्कि एक बेटी की तरह बुजुर्गों से मुलाकात की, उनका हाल जाना और उन्हें अपने हाथों से दीपावली के उपहार भेंट किए।

इस मुलाकात का सबसे खास पल वह रहा, जब प्रशासनिक व्यस्तता को दरकिनार कर कलेक्टर खुद बुजुर्गों के बीच बैठ गईं और उनके साथ सुर से सुर मिलाकर भजन-गायन किया। अपनों जैसा यह अपनापन पाकर कई बुजुर्गों की आंखें भर आईं, लेकिन उनके चेहरों पर जो मुस्कान थी, वो बता रही थी कि आज उनके लिए सही मायनों में दीपावली आ गई है।
कलेक्टर ने संदेश दिया कि वरिष्ठजनों की देखभाल और उन्हें स्नेह देना हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा है। महलों से दूर इस वृद्धाश्रम में मनाई गई यह अनोखी दीवाली साबित करती है कि संवेदनाओं से बड़ा कोई प्रशासनिक पद नहीं होता।









