डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ अक्सर सरकारी फाइलों, बैठकों और निरीक्षणों की खबरों के बीच एक ऐसी उपलब्धि सामने आई है, जो न केवल डिंडौरी जिले के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि ग्रामीण भारत की बदलती तस्वीर की एक जीवंत मिसाल भी है। आकांक्षी जिला और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रमों में जमीनी स्तर पर किए गए नवाचारों की बदौलत डिंडौरी की कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया अब 'उगते सूरज के देश' जापान में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं।
नीति आयोग और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के संयुक्त तत्वावधान में 15 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस विशेष विदेश अध्ययन भ्रमण में पूरे देश से चुने गए 22 शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों का दल शामिल होगा। मध्य प्रदेश से इस प्रतिष्ठित सूची में डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और भिंड के तत्कालीन कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने अपनी जगह बनाई है।
वनांचल से वैश्विक मंच तक का सफर
यह चयन केवल एक आधिकारिक दौरा नहीं, बल्कि डिंडौरी के सुदूर वनांचलों में आए सकारात्मक बदलावों पर राष्ट्रीय स्तर की मुहर है। जिले के तीन आकांक्षी विकासखंडों-बजाग, करंजिया और मेहंदवानी-में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, आधुनिक कृषि और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में हुए कार्यों ने यह साबित किया है कि इच्छाशक्ति हो तो दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां भी विकास की राह नहीं रोक सकतीं।
विशेष रूप से नीति आयोग के 'PVTG Super-60' कार्यक्रम के तहत बैगाचक क्षेत्र में विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयासों ने इस सफलता की नींव रखी है।
क्या लेकर लौटेंगी कलेक्टर जापान से?
एक सप्ताह के इस अंतरराष्ट्रीय मंथन के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल जापान की उन बारीकियों और कार्यसंस्कृति का अध्ययन करेगा, जिसने उसे दुनिया के सबसे विकसित देशों की कतार में खड़ा किया है। इनमें प्रमुख हैं:
स्मार्ट सुशासन और त्वरित लोक सेवा: बिना देरी के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की जापानी तकनीक।
ग्रामीण नवाचार और कृषि: सीमित संसाधनों में बेहतर कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने के मॉडल।
शिक्षा और स्वास्थ्य का आधारभूत ढांचा: जमीनी स्तर पर बुनियादी सेवाओं को विश्वस्तरीय बनाने के तौर-तरीके।
डिंडौरी के भविष्य के लिए नई उम्मीद
जापान की इस यात्रा से प्राप्त अनुभव और वैश्विक रणनीतियां जब डिंडौरी की धरती पर उतरेंगी, तो बजाग, करंजिया और मेहंदवानी सहित पूरे जिले की विकास यात्रा को एक नई दिशा और रफ्तार मिलेगी। एक ऐसे समय में जब छोटे जिलों की चर्चा अक्सर चुनौतियों के लिए होती है, डिंडौरी का यह 'अंतरराष्ट्रीय अध्याय' हर जिलेवासी के लिए सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास लेकर आया है।









