दीपावली 2026: सीएम मोहन यादव ने MP की जनता को दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और मानवता की स्थापना का प्रतीक है। यह पर्व सदियों से विजय उत्सव और आनंद उत्सव के रूप में मनाया जाता रहा है।
दीपक की छोटी-सी लौ भी घनघोर अंधकार से संघर्ष कर प्रकाश फैलाती है। वह हमें जीवन की प्रत्येक कठिनाई और संकट से संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। इस प्रेरणा से फैलने वाला प्रकाश वास्तव में आनंददायी होता है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। आज प्रधानमंत्री का बस्तर आगमन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। नक्सलवाद के कारण लंबे समय तक अनेक परिवारों के जीवन में अंधकार और कष्ट का दौर रहा। मध्यप्रदेश के डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जैसे जिले भी वर्षों तक नक्सलवाद का दंश झेलते रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी के कुशल नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। यह हम सभी के लिए एक बड़ी उपलब्धि और विजय का अवसर है। मैं इस विजय पर्व पर भी प्रदेशवासियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि अब हमारा संकल्प है कि नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में विकास की गति तेज की जाए और इन अंचलों को प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के समान विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। इसके लिए हमने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। इन क्षेत्रों में सभी प्रकार की विकास गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित होंगी और वहां के नागरिक भी विकास एवं प्रगति की यात्रा में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेंगे।









