मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया और वे अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर सड़कों पर निकल आए। खरगोन में सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर धरती अचानक हिलने लगी, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई। खरगोन के अलावा इससे सटे खंडवा और बुरहानपुर जिलों में भी इसके हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
भूकंप विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, यह झटका शनिवार सुबह 09:15:28 बजे आया। रिक्टर स्केल पर 4.5 तीव्रता वाले इस भूकंप को मध्यम श्रेणी का माना जाता है। कृषि और मौसम विशेषज्ञ डॉ सौरव गुप्ता ने बताया कि इसका केंद्र खंडवा मुख्यालय से करीब 88 किलोमीटर दूर धौलकोट कुंडिया (खरगोन) क्षेत्र में था। यह स्थान धार के धामनोद से 69 किलोमीटर दक्षिण और इंदौर से लगभग 129 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।
इस भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई पर था। गहराई कम होने के कारण खरगोन शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कंपन बहुत साफ तौर पर महसूस किया गया, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया। बुरहानपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी समय के आसपास हल्के झटके आए, जिससे लोग सतर्क हो गए।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगले दो से तीन दिनों तक लोगों को पूरी तरह सतर्क और सजग रहने की जरूरत है। आपको बता दें कि खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर और बड़वानी जैसे जिलों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान इस तरह के हल्के झटके पहले भी कई बार महसूस किए जा चुके हैं, जिसके चलते स्थानीय लोग थोड़े सहमे हुए हैं।









