कटनी/खबर डिजिटल/ माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आहूजा टाल में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के रहवासी दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की चार गाड़ियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दमकल वाहन प्रभारी शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि चार दमकल वाहन मौके पर मौजूद हैं और टीम आग बुझाने में जुटी हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग की चपेट में आने से कितनी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन भी आग बुझने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। अब प्रशासन और दमकल विभाग के सामने आग को पूरी तरह नियंत्रित कर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने की चुनौती है।









