इंदौर/खबर डिजिटल/ स्वच्छता सर्वे की लीग में इंदौर के पिछड़ने के बाद अलग-अलग प्रतिक्रिया सामने आ रही है। देपालपुर के साथ संयुक्त अवार्ड मिलने पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। लोगों का कहना है कि 'गुरु गुड़ रह गया, और चेला शक्कर बन गया।' कांग्रेस के नेता भी बीजेपी शासित नगर निगम को आड़े हाथों लेने का काम कर रहे है, कि आठ बार नंबर वन आने के बाद भी क्या हुआ कि अबकी बार इंदौर पिछड़ गया। इसी कड़ी में एक और नाम पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का जुड़ गया है, जिन्होंने सोशल मीडिया पर कमेंट्स कर तंज कसा।
सज्जन सिंह वर्मा ने कसा तंज
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि इंदौर के लोगों की आदत बन गई है स्वच्छता! अब इन्हें कोई अवार्ड से फर्क नहीं पड़ता। यहां के हजारों सफाई मित्रों ने अस्थाई नौकरी में भी बहुत ईमानदारी से काम किया है। इंदौर की भाजपा की नगर निगम जरूर भ्रष्टाचार में नंबर 1 बन गई, जिसका अवार्ड आगे जनता देगी।
देवास की जनता को दिया धन्यवाद
स्वच्छता सर्वे में देवास को भी सफलता मिली है, जिसको लेकर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि देवास को भी माननीय राष्ट्रपति महोदया ने सम्मानित किया है। देवास के आमजनों और सफाई मित्रों का योगदान बहुमूल्य है।









