भोपाल/खबर डिजिटल/ उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला द्वारा मोबाइल से रील बनाए जाने और VIP ट्रीटमेंट मिलने का मामला अब सियासी तूल पकड़ने लगा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री से तीन सवाल पूछते हुए मंदिर में आम श्रद्धालुओं और रसूखदार लोगों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होने पर सवाल उठाए हैं।
धार्मिक परंपरा की दिलाई याद
जीतू पटवारी ने अपनी पोस्ट में महाकाल मंदिर की धार्मिक परंपरा और आस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां बड़े-बड़े राजा-महाराजा भी महाकाल के सामने शीश झुकाते थे, वहां अब सत्ता के वारिसों के लिए नियम झुकाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महाकाल के दरबार में भी भाजपा का अहंकार नियमों को अपने हिसाब से चलाने की कोशिश कर रहा है।
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से पूछे तीन सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संबोधित करते हुए अपनी पोस्ट में तीन सवाल उठाए।
पहला सवाल: पटवारी ने कहा कि जहां बड़े-बड़े राजा-महाराजा भी महाकाल के सामने शीश झुकाते थे, वहां सत्ता के वारिसों के लिए अब नियम झुकाए जा रहे हैं।
दूसरा सवाल: उन्होंने आरोप लगाया कि देश देख रहा है कि महाकाल के दरबार में भी भाजपाई अहंकार नतमस्तक नहीं होता, बल्कि नियमों को सरेआम नतमस्तक करवाता है।
तीसरा सवाल: पटवारी ने सवाल उठाया कि महाकाल में भक्ति की कतार छोटी पड़ गई है और सत्ता की पहुंच बड़ी हो गई है। क्या अब महाकाल दर्शन भी रसूख की जागीर बनेंगे?
CM मोहन यादव से पूछा- क्या आप उज्जैन के ही मूल निवासी हैं?
तीन सवालों के साथ जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सीधे संबोधित करते हुए पूछा कि क्या वे उज्जैन के ही मूल निवासी हैं? उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता इन सवालों के जवाब जानना चाहती है। पटवारी ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर कैसे किसी भाजपा नेता के बेटे को बार-बार नियमों और कायदों से अलग सुविधाएं मिल जाती हैं।
महाकाल मंदिर की घटना पर पहले ही हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि महाकाल मंदिर में मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद रुद्राक्ष शुक्ला का मंदिर परिसर में वीडियो बनाते हुए फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में चांदी द्वार तक मोबाइल से रिकॉर्डिंग किए जाने की बात सामने आई थी। मामले के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली कोर कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, ड्यूटी पर तैनात तीन सुरक्षाकर्मियों को निलंबित किया गया है। अब इस मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।









