कटनी। आदिवासी समाज के सम्मान और किसानों के अधिकारों को लेकर कटनी में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पुरानी कचहरी चौराहे पर जिला कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण तथा आदिवासी संगठन कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद जनार्दन मिश्रा के पुतले दहन किए गए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपना आक्रोश जाहिर किया।
कांग्रेस का आरोप है कि विश्व आदिवासी दिवस की महत्ता पर मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच से उठाए गए सवालों ने आदिवासी समाज की भावनाओं को आहत किया है। वहीं किसानों को लेकर सांसद जनार्दन मिश्रा के कथित किसान विरोधी बयान को लेकर भी पार्टी ने कड़ी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस महज कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति, परंपरा, संघर्ष और संवैधानिक अधिकारों का प्रतीक है। ऐसे महत्वपूर्ण विषय पर सवाल खड़े करना समाज के सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। कांग्रेस ने किसानों के हितों के खिलाफ दिए गए बयानों को भी जनविरोधी बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने दो टूक कहा कि आदिवासी समाज का सम्मान और किसानों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जनभावनाओं को आहत करने वाले बयानों और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक लड़ाई जारी रखेगी।
वहीं आदिवासी संगठन कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय कोल ने कहा कि आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और परंपराएं देश की गौरवशाली विरासत हैं। इनके सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं होगा। समाज अपने अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाता रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक बसंत सिंह, रजनी वर्मा, ओमकार सिंह टेकाम, अजय सिंह, रंजीत सिंह, तुलाराम गोटिया, प्रेम बत्रा, राजा जगवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सियासी संदेश साफ: कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए आदिवासी सम्मान और किसान हितों को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाते हुए सरकार को घेरने की कोशिश की। पुतला दहन और नारेबाजी के साथ पार्टी ने स्पष्ट किया कि इन मुद्दों पर उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा।








