मनीष तिवारी, जबलपुर। जबलपुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान जनजातीय नायकों के बलिदान और उनके योगदान को नमन करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने एक हाथ से अपनी संस्कृति और संस्कारों को संजोए रखा, तो दूसरे हाथ से तीर-कमान संभालकर अंग्रेजों के खिलाफ अपने प्राणों का बलिदान दे दिया, जो हमारे स्वाभिमान, स्वदेश और राष्ट्रप्रेम का सर्वोच्च प्रतीक है. इस दौरान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए 133 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास और विद्यालयों की सौगात दी गई, साथ ही छिंदवाड़ा, बालाघाट और डिंडोरी में 85 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण की घोषणा की गई ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
कार्यक्रम में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का स्मरण करते हुए यह रेखांकित किया गया कि वर्तमान सरकार ने कैबिनेट बैठकों से लेकर उच्च शिक्षण संस्थानों तक जनजातीय नायकों को उनका वास्तविक गौरव दिलाया है. जबलपुर में महान शासिका रानी दुर्गावती के नाम पर कैबिनेट बैठक करने के साथ ही राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज, खरगोन में टंट्या मामा विश्वविद्यालय और सतपुड़ा क्षेत्र में राजा भभूत सिंह के नाम पर विकास कार्यों की श्रृंखला तैयार की गई है. भीमा नायक, ख्वाजा नायक और बादल भोई जैसे स्वतंत्रता सेनानियों का यह गौरवशाली इतिहास आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, साहस और स्वाभिमान का एक अमर प्रेरणा स्त्रोत है.









